लालकुआं में एसआईआर की समीक्षा बैठक, युद्ध स्तर पर चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

लालकुआं में एसआईआर की समीक्षा बैठक, युद्ध स्तर पर चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

लालकुआं उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान युद्ध स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में लालकुआं तहसील सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें एसआईआर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता हल्द्वानी उपजिलाधिकारी मोनिका आर्या ने की। इस दौरान गणना कार्य में लगे सुपरवाइजरों, सेक्टर अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अभियान की वर्तमान स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने क्षेत्र में वितरित किए गए एसआईआर फार्मों की स्थिति की भी समीक्षा की।

बैठक में गणना कार्य के दौरान सामने आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों से फील्ड स्तर पर आ रही दिक्कतों की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।

इसके साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और उनके सत्यापन से संबंधित बिंदुओं पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई, ताकि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

बैठक में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी एसआईआर अभियान की जानकारी प्राप्त की और निर्वाचन विभाग को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताया।

एसडीएम मोनिका आर्या ने बताया कि एसआईआर के तहत प्राप्त गणना फार्मों से जानकारियां एकत्र कर उन्हें डिजिटल माध्यम से अपडेट किया जा रहा है। यह कार्य तेजी से और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराए जा सकें।