स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट


नैनीताल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लालकुआं पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।


पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।


जानकारी के अनुसार मंगलवार को चौकी हल्दूचौड़ पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गश्त के समय सागर स्टोन क्रैशर, देवरामपुर हल्दूचौड़ क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 54 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश सिंह दानू उर्फ मामा पुत्र विशन सिंह दानू निवासी इंदिरा नगर प्रथम, बिंदुखत्ता, कोतवाली लालकुआं, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस उद्देश्य से क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


