देहरादून में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में 23 वर्षीय एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रिया थापा के रूप में हुई है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और अपने परिवार के साथ पटेलनगर क्षेत्र में रहती थी। बताया जा रहा है कि वह देर रात तक पढ़ाई करती थी।

मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी अंकित कंडारी ने बताया कि मंगलवार को कोतवाली पटेलनगर पुलिस को एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मौके पर देखा कि युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिससे आत्महत्या की पुष्टि हुई है।

सीओ अंकित कंडारी के अनुसार सुसाइड नोट में युवती ने “आई लव यू मम्मी-पापा” लिखा है। साथ ही उसने आत्महत्या का कारण स्वयं को “इनकंपिटेंट” यानी अयोग्य महसूस करना बताया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिया प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। बुधवार सुबह जब उसकी मां नाश्ते के लिए उसे बुलाने पहुंचीं और दरवाजा खटखटाया, तब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब कमरे की जांच की गई तो युवती फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।