ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता, 5 हजार का इनामी बदमाश रोहतक से गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता, 5 हजार का इनामी बदमाश रोहतक से गिरफ्तार

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुड़ मंडी कार लूट प्रकरण में पिछले एक महीने से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी बदमाश आदित्य उर्फ बिल्लू को पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को बदमाशों ने रोहित कुमार की कार लूट ली थी। घटना के बाद आरोपी तेज रफ्तार में फरार हो गए थे। इसी दौरान उनकी कार की टक्कर एक स्कूटी सवार से हो गई, जिसमें स्कूटी चालक की मौत हो गई थी।

घटना के बाद से आरोपी आदित्य उर्फ बिल्लू लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। इसके बावजूद हरिद्वार पुलिस की टीम लगातार उसके पीछे लगी रही।

हरिद्वार पुलिस ने विशेष रणनीति के तहत हरियाणा के रोहतक में डेरा डालकर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी नीरज पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब फरार चल रहे दूसरे आरोपी आदित्य की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।

एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी मदद के जरिए इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुट गई है। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।