

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट


लालकुआं कोतवाली पुलिस ने शहर में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान वीआईपी नंबर और पुलिस स्टिकर लगी एक कार को सीज कर दिया। वाहन चालक खुद को दिल्ली निवासी डिप्टी कमांडेंट का बेटा बताता रहा, लेकिन पुलिस को वाहन के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम सुभाष नगर पुलिस चेकपोस्ट पर कोतवाल ब्रजमोहन राणा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, कांस्टेबल शेखर मल्होत्रा और कमल बिष्ट भी शामिल रहे।

इसी दौरान नैनीताल की ओर से दिल्ली नंबर की एक कार DL 10 CL 9023 तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। कार पर लालबत्ती और पुलिस स्टिकर लगा हुआ था, जिसे देखकर पुलिस टीम ने वाहन को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया।


पुलिस के अनुसार चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बैरिकेडिंग लगाकर वाहन को रोक लिया। इसके बाद वाहन की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान चालक वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने खुद को डिप्टी कमांडेंट का बेटा बताया, लेकिन दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।


चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो दर्जन से अधिक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। इस दौरान करीब 25 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।


पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक दस्तावेज जांच को लेकर सतर्क नजर आए और नियमों का पालन करते दिखाई दिए।

कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

