सचिव दीपक कुमार ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सचिव दीपक कुमार ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

दीपक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रही योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, सीएम हेल्पलाइन, जनगणना कार्य, जल जीवन मिशन, एनआरएलएम, स्वरोजगार योजनाओं, सड़क, पर्यटन, कृषि, उद्यान, उद्योग, उरेडा, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।

सचिव दीपक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने राष्ट्रीय महत्व के कार्य जनगणना की समीक्षा करते हुए प्रथम चरण के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (एचएलबी) कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा से एक सप्ताह पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सचिव ने चार्ज अधिकारियों से कहा कि जनगणना कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि या देरी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करने पर जोर दिया।

बैठक में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार गांवों का भ्रमण करने और रात्रि विश्राम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जनता की समस्याओं को मौके पर सुनना और उनका त्वरित समाधान करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शासनादेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

सचिव दीपक कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारें।