लोहाघाट में कौशलम् एक्सपो-2026 का भव्य आयोजन, नवाचारों ने जीता दिल

लोहाघाट में कौशलम् एक्सपो-2026 का भव्य आयोजन, नवाचारों ने जीता दिल

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

एससीईआरटी उत्तराखंड और उद्यम लर्निंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) लोहाघाट में जनपद स्तरीय कौशलम् प्रदर्शनी एक्सपो-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के नवाचार और उद्यमशीलता आधारित प्रोटोटाइप आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अध्यक्ष गोविंद लाल वर्मा, उद्योग विभाग चंपावत के महाप्रबंधक पंकज तिवारी तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमल गहतोड़ी ने किया।

डायट प्राचार्य दिनेश खेतवाल और कौशलम् समन्वयक डॉ. कमल गहतोड़ी ने बताया कि इस वर्ष बिजनेस सपोर्ट फंड से सहायतित 17 विद्यालयों ने एक्सपो में प्रतिभाग किया। सभी विद्यालयों ने उद्यमशीलता से जुड़े नवाचारी मॉडल और उत्पादों का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपने उत्पादों को बाजार से जोड़ने के नए और प्रभावी तरीकों पर प्रस्तुतीकरण दिए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यालयों ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय कौशलम् एक्सपो-2026 के लिए क्वालीफाई किया।

कार्यक्रम के दौरान वर्षभर कौशलम् कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आठ उद्यमशील शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अंजली अधिकारी, अतुल गुसाईं, विजय कुमार जोशी, दीपा पांडेय, ललित मोहन गोस्वामी, देवेंद्र कुमार पुनेठा, ज्योति राणा और बीना जोशी शामिल रहे।

उद्यम लर्निंग फाउंडेशन के कुमाऊं प्रभारी तनुज अटवाल ने आगामी सत्र में कौशलम् कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों में उद्यमिता और कौशल विकास को भविष्य की आवश्यकता बताया।

मुख्य अतिथि गोविंद लाल वर्मा ने डायट द्वारा शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं उद्योग विभाग के महाप्रबंधक पंकज तिवारी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न व्यावसायिक योजनाओं की जानकारी देते हुए डायट के साथ बेहतर समन्वय का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनी में निर्णायक की भूमिका डायट प्रवक्ता कृष्ण सिंह ऐरी, डॉ. अनिल कुमार मिश्रा और रामबालक मिश्रा ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य दिनेश खेतवाल ने कहा कि कौशलम् कार्यक्रम बच्चों के कौशल विकास और उद्यमिता आधारित भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित हो रहा है। प्रतियोगिता को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला।