दुष्कर्म मामले के खुलासे पर बोले पूर्व विधायक, पुलिस की जांच की सराहना

दुष्कर्म मामले के खुलासे पर बोले पूर्व विधायक, पुलिस की जांच की सराहना

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

नाबालिग से कथित दुष्कर्म मामले में पुलिस द्वारा किए गए खुलासे के बाद राजनीति तेज हो गई है। लोहाघाट के पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने चंपावत पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए निष्पक्ष जांच के लिए एसपी रेखा यादव को धन्यवाद दिया है।

पूर्व विधायक ने कहा कि पुलिस और मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार नाबालिग के साथ दुष्कर्म की कोई घटना नहीं हुई थी। उनका आरोप है कि भाजपा के निष्कासित पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल रावत द्वारा बदला लेने की भावना से यह पूरा षड्यंत्र रचा गया।

पूरन सिंह फर्त्याल ने आरोप लगाया कि इस मामले में कांग्रेस पार्टी भी शामिल रही और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से पूरे घटनाक्रम को तूल दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह षड्यंत्र के जरिए सरकार और मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बढ़ती लोकप्रियता और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। इसी कारण भाजपा और मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए झूठे आरोपों का सहारा लिया जा रहा है।

पूर्व विधायक ने कहा कि चंपावत पुलिस ने समय रहते पूरे मामले का पर्दाफाश कर तीन बेगुनाह परिवारों को बर्बाद होने से बचा लिया। उन्होंने पुलिस की निष्पक्ष कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि सत्य सामने आने से लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है।

फर्त्याल ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद घिनौना षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक नाबालिग बच्ची और उसके वृद्ध पिता को लालच देकर इस मामले में शामिल किया गया तथा षड्यंत्र रचने वालों ने बच्ची के भविष्य तक की चिंता नहीं की।

उन्होंने महिला कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय के सामने किया गया प्रदर्शन उनकी मानसिकता को दर्शाता है। फर्त्याल ने कहा कि बिना तथ्य सामने आए राजनीतिक प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

पूर्व विधायक ने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि इस कथित षड्यंत्र को रचने वालों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने वाले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में झूठे आरोपों के आधार पर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।