

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को सिगरेट बेचने वाले दुकानदार को मौके पर पकड़ लिया। डीएम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


दरअसल जिलाधिकारी डायट मैदान का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान वहां कार्य कर रहे लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि मैदान में कुछ लोग नशा करते हैं और आसपास नाबालिग बच्चे भी सिगरेट पीते दिखाई देते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों से बातचीत की।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे शिखर होटल के पास स्थित एक दुकान से सिगरेट खरीदते हैं। जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी बच्चों को अपने वाहन में बैठाकर सीधे संबंधित दुकान तक पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की पुष्टि करने के लिए एक बच्चे को सिगरेट खरीदने भेजा।


जैसे ही बच्चे ने दुकान से सिगरेट खरीदी, जिलाधिकारी ने तुरंत दुकानदार को पकड़ लिया। डीएम ने नाबालिग बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर दुकानदार को कड़ी फटकार लगाई और इसे गंभीर लापरवाही बताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस को बुलाया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर आसपास के व्यापारियों में भी हलचल देखी गई।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने साफ कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद बेचना कानूनन अपराध है। उन्होंने सभी दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल प्रशासन ही नहीं बल्कि अभिभावकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी इस दिशा में जागरूक होकर काम करना होगा।

डीएम ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नाबालिग बच्चों को तंबाकू या अन्य नशे की सामग्री बेची जाती दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।

