हल्द्वानी: कथित पुलिस कार्रवाई पर सियासत गरमाई, विधायक सुमित हृदयेश ने लगाए गंभीर आरोप

हल्द्वानी: कथित पुलिस कार्रवाई पर सियासत गरमाई, विधायक सुमित हृदयेश ने लगाए गंभीर आरोप

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी में सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार और फर्जी मामलों में फंसाने के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस मुद्दे पर विधायक सुमित हृदयेश ने प्रेस वार्ता कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

प्रेस वार्ता में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन हाल की घटनाओं में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्षता से कार्य न करके दबाव में काम कर रही है।

विधायक ने कहा कि निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाकर उन्हें अपराधी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि “वोभूमि में फासीवाद नहीं चलेगा” और किसी भी कीमत पर निर्दोषों पर कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से मदरसन कंपनी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हुए आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण धरना दे रहे कामगारों के समर्थन में पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई पूरी तरह गलत है।

इस मामले में पीयूष जोशी, हरीश पनेरू और आशीष कबड़वाल जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई को उन्होंने दमनकारी नीति का हिस्सा बताया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि संबंधित कार्यकर्ता हमेशा कानून के दायरे में रहकर काम कर रहे थे, इसके बावजूद उन्हें झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया गया है, जो बेहद गंभीर और निंदनीय है।

उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो, सभी कथित फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएं और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देने की भी बात कही।

प्रेस वार्ता में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिजनों ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। पीयूष जोशी की माता पुष्पा जोशी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय में है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लोगों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान कई पार्टी पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे और पुलिस कार्रवाई की निंदा की।

फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में राजनीतिक व सामाजिक आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।