

लोकेशन : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

बाजपुर में समाजवादी पार्टी के नेता अरविंद यादव ने सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए गदरपुर विधायक अरविंद पांडे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने विधायक पर गरीबों की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


प्रेस वार्ता के दौरान अरविंद यादव ने कहा कि विधायक अरविंद पांडे और उनके पुत्र अतुल पांडे पर बुक्सा समाज की जमीन पर कथित कब्जे के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है और इसकी जांच एसटी आयोग को करनी चाहिए।

सपा नेता ने मांग की कि विधायक और उनके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जांच सही तरीके से हो तो कई तथ्य उजागर हो सकते हैं।

अरविंद यादव ने आगे कहा कि विधायक पर सिख समाज की भूमि पर कब्जे के भी आरोप हैं, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार की चुप्पी सवालों के घेरे में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार “जीरो टॉलरेंस” की बात करती है, लेकिन अपने ही दल के विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

सपा नेता ने यह भी कहा कि लगातार गरीबों की जमीनों पर कब्जे की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और अब सभी की नजर प्रशासनिक और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हुई है।


