

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के भीतर अंदरूनी हलचल तेज होती नजर आ रही है। देहरादून नगर निगम के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा की बढ़ती सक्रियता ने पार्टी में खेमेबाजी को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है।


बताया जा रहा है कि सुनील उनियाल गामा ने मसूरी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। ऐसे में यहां से तीन बार विधायक रह चुके कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के लिए राजनीतिक समीकरण चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।


गौरतलब है कि गामा को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का करीबी माना जाता है, जिससे उनकी दावेदारी को और भी राजनीतिक महत्व मिल रहा है।


मसूरी में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे सुनील उनियाल गामा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मसूरी विधानसभा भाजपा की मजबूत सीट रही है और यहां से पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता अपनी दावेदारी पेश कर सकता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन और स्नेह मिल रहा है। गामा ने उम्मीद जताई कि पार्टी नेतृत्व इस बार उन्हें मसूरी विधानसभा से चुनाव लड़ने का मौका देगा।

उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिलता है तो वे पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और एक बार फिर इस सीट को भाजपा की झोली में डालने का प्रयास करेंगे।

गामा की इस सक्रियता और बयानबाजी के बाद मसूरी भाजपा में अंदरूनी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। आने वाले समय में पार्टी के भीतर टिकट को लेकर खींचतान और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


