

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

इंद्रानगर क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मो. अरबाज़ के नेतृत्व में 13 बीघा स्थित विद्युत कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोलते हुए विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर प्रतीकात्मक रूप से विद्युत विभाग को “जगाने” का प्रयास किया। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के जरिए उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताई।


मो. अरबाज़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो यूथ कांग्रेस एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में आम जनता बिजली कटौती से बेहाल है, जबकि अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आए दिन हो रही बिजली कटौती से गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छात्र नेता नाज़िम अंसारी ने कहा कि विभाग को इस लापरवाही पर शर्म आनी चाहिए, क्योंकि क्षेत्र के लोग लगातार परेशान हो रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।

वहीं समाजसेवी हबिबूर रहमान अंसारी ने भी विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार विद्युत कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

इस मौके पर यूनुस, अरशद, शोहराब, सलमान, हनीफ, जाबिर, फरमान सहित दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को जल्द सुधारने की मांग जोर-शोर से उठाई गई।


