

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता द्वारा हाल ही में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मसूरी विधायक के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है।


भाजपा मसूरी मंडल के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूर्व पालिका अध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एक कद्दावर नेता हैं और मसूरी विधानसभा क्षेत्र में हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते हैं।


रजत अग्रवाल ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि पर इस तरह की टिप्पणी करना न केवल अनुचित है बल्कि राजनीतिक मर्यादा के भी खिलाफ है। उन्होंने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के बयान को निराधार और भ्रामक बताया।

इसके साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के दौरान नगर पालिका में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ, जिसकी जांच आज भी शासन स्तर पर लंबित है।
रजत अग्रवाल ने तंज कसते हुए कहा कि यह समझ से परे है कि आखिर कौन-सी “वाशिंग मशीन” है, जिसके जरिए अनुज गुप्ता खुद को पाक-साफ साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व पालिका अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में कांग्रेस के विरोध में कार्य किए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मसूरी की राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है और आने वाले समय में इस मुद्दे पर और तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल सकती हैं।


