

स्थान : दिनेशपुर
ब्यरो रिपोर्ट

दिनेशपुर के जाफरपुर कॉलोनी में प्रस्तावित देसी शराब की दुकान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जैसे ही कॉलोनी के गेट पर शराब का ठेका खोलने की तैयारी शुरू हुई, स्थानीय महिलाएं विरोध में सड़कों पर उतर आईं और जोरदार प्रदर्शन किया।


सुबह से ही जाफरपुर क्षेत्र का माहौल गर्माया रहा। हाथों में मांग पत्र लेकर प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने साफ कहा कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि कॉलोनी के मुख्य द्वार पर ठेका खुलने से सुरक्षा और सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ेगा।


मामले को गंभीरता से लेते हुए महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि प्रस्तावित शराब की दुकान को कॉलोनी से दूर, आबादी से बाहर शिफ्ट किया जाए।

महिलाओं का कहना है कि इसी रास्ते से उनकी बहू-बेटियां और बच्चे रोजाना गुजरते हैं। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र में अराजकता बढ़ सकती है और उनका घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तुरंत ठेका हटाने की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद कुमाऊं कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। विभाग यह परख रहा है कि दुकान खोलने के लिए तय नियमों और मानकों का पालन किया गया है या नहीं।


फिलहाल जांच जारी है, लेकिन महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी। अब निगाहें प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं कि वह जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए क्या कदम उठाता है।


