

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

शहर के रामपुर रोड क्षेत्र में एक महिला और उसकी 5 वर्षीय बेटी के साथ छेड़खानी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।


समाजसेवी विशाल वर्मा के अनुसार, पीड़ित महिला की मां वार्ड नंबर 19, रामपुर रोड क्षेत्र में रहती हैं। महिला और उसकी मां ने पूरी घटना की जानकारी समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा को दी।


अंजलि वर्मा ने बताया कि पंचक्की जमरानी रोड पर महिला अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से जा रही थी, तभी तीन युवकों राजीव कुमार, लोकेश कुमार और विक्की ने चलती स्कूटी पर लात मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ जबरन छेड़खानी की।


विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि युवकों ने महिला को धमकाया कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे और उसकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद महिला, उसकी मां और बच्ची के मन में भय का माहौल बना हुआ है और परिवार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


