

स्थान : मंगलौर
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर ने नारसन बॉर्डर का संयुक्त निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नारसन बॉर्डर पर बने ग्रीन कार्ड सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।


इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को हाइवे पर स्ट्रीट लाइट समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यात्रियों को रात के समय भी सुरक्षित आवागमन मिल सके।


वहीं एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का दावा है कि इस बार चारधाम यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है।


