ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, साधु वेश में छिपा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, साधु वेश में छिपा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

स्थान :ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऑपरेशन प्रहार के तहत चल रही सघन चेकिंग अभियान के दौरान पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रामझूला क्षेत्र में जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो साधु के वेश में ‘सत्यसाधू’ बनकर घूम रहा था और लंबे समय से भारत में अवैध रूप से रह रहा था।

गुरुवार को कोतवाली लक्ष्मणझूला और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने रामझूला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति को रोका और पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार अपने बयान बदलता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी असली पहचान सनीउर रहमान (39), निवासी फरीदपुर, बांग्लादेश के रूप में बताई।

जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा भारत में रह रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने “सत्यनिष्ठ आर्य” नाम से फर्जी भारतीय आधार कार्ड भी बनवा रखा था। उसके पास से एक एक्सपायर्ड बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद हुआ, जिसकी वैधता वर्ष 2018 में समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और टैबलेट भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक दिन पहले ही लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पहुंचा था। इससे पहले वह पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर रह चुका है। गाजियाबाद में उसका अंतिम ज्ञात पता सत्यम एन्क्लेव, जीवी रोड पाया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके भारत में अवैध नेटवर्क एवं गतिविधियों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।