

स्थान :हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग लगातार होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर छापेमारी कर रहा है।


ज्वालापुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए अब तक 10 से 12 प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर कार्रवाई करते हुए 3 प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया है।


विभाग ने सभी खाद्य विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड भी लगाएं। इसके साथ ही स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट रखना भी अनिवार्य किया गया है।


खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में पूरे जनपद में इसी तरह की सख्त निगरानी जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।


