

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

जिले में ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सितारगंज में एआरटीओ नवीन ने विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए एक दर्जन से अधिक वाहनों का चालान किया और कई वाहनों को सीज भी किया।


कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों को मंडी परिसर में खड़ा कराया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कई वाहन नियमों की अनदेखी करते हुए ओवरलोड स्थिति में चल रहे थे और कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट भी नहीं पाई गई।


एआरटीओ नवीन ने बताया कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड और बिना नंबर वाहनों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी नियमों के उल्लंघन की छूट नहीं दी जाएगी।


उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


