

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप परिसर में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया, जिससे परिसर में भीड़ देखने को मिली।


यात्रा प्रशासन के अनुसार, ट्रांजिट कैंप परिसर में कुल 24 रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे पर 6 अतिरिक्त काउंटर भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 30 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरे श्रद्धालुओं का ऑफलाइन पंजीकरण कर रही हैं।

यात्रा प्रशासन के ओएसडी प्रजापति नौटियाल ने बताया कि पहले दिन ही 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें सबसे अधिक संख्या मध्य प्रदेश से आए यात्रियों की रही।


उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं में चारधाम यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। साथ ही कई यात्री ऑनलाइन पंजीकरण को भी प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक सुगम हो रही है।

प्रशासन द्वारा रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। काउंटरों पर पंखे, पीने के पानी और श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।


अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा रहा है तथा आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।


