मसूरी: पिक्चर पैलेस–घंटाघर मार्ग पर बैरिकेड लगाने का विरोध तेज, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि नाराज

मसूरी: पिक्चर पैलेस–घंटाघर मार्ग पर बैरिकेड लगाने का विरोध तेज, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि नाराज

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

पिक्चर पैलेस से घंटाघर जाने वाले मार्ग पर नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा बैरिकेड (डेलिनिएटर) लगाने के कार्य का स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही अत्यधिक संकरा है और यहां लगातार यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले से ही स्कूटी और दोपहिया वाहन पार्क किए जाते हैं, क्योंकि माल रोड के प्रतिबंधित समय में वाहनों का प्रवेश बंद रहता है। ऐसे में बैरिकेड लगाए जाने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

नगर पालिका की पूर्व बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि माल रोड के अंदर प्रतिबंधित समय में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इसी कारण स्थानीय लोग अपने वाहन इस मार्ग पर पार्क करते हैं। अब नए बैरिकेड लगाए जाने से स्थिति और जटिल होने की आशंका जताई जा रही है।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने इस कार्रवाई को “तुगलकी फरमान” बताते हुए कहा कि इससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि माल रोड पर पहले से ही यातायात दबाव अधिक है और लंढौर बाजार का व्यवसाय भी प्रभावित हो चुका है। ऐसे में नए प्रतिबंधात्मक कदम लोगों की समस्याएं बढ़ाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि एमडीडीए पार्किंग को लेकर नगर पालिका की योजनाएं विवादित हैं, जबकि मसूरी में पहले से ही पार्किंग की गंभीर समस्या बनी हुई है।

वहीं समाजसेवी प्रकाश राणा ने कहा कि यदि कोई वाहन नो पार्किंग जोन में खड़ा होता है तो उस पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है, लेकिन बैरिकेड लगाने से ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था कमजोर पड़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका के इस निर्णय के खिलाफ असंतोष लगातार बढ़ रहा है और जल्द समाधान नहीं हुआ तो विरोध और तेज हो सकता है।