उत्तराखंड: डेयरी सेक्टर में टेक्नोलॉजी का बड़ा कदम, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम लागू होगा

उत्तराखंड: डेयरी सेक्टर में टेक्नोलॉजी का बड़ा कदम, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम लागू होगा

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड सरकार डेयरी सेक्टर को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि पहली बार राज्य में ऐसा सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसके तहत सभी इकाइयों को जीआरपी मॉडलिंग और आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा।

मंत्री ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पूरे डेयरी सिस्टम में पारदर्शिता लाना है। इसके तहत दूध के संग्रहण से लेकर प्रोसेसिंग और बाजार तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की रियल-टाइम ट्रैकिंग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस तकनीकी व्यवस्था से दूध की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा सकेगी और सप्लाई चेन को अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं तक शुद्ध और सुरक्षित उत्पाद पहुंचाने में मदद मिलेगी।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि इस सिस्टम के लागू होने से शिकायतों के निस्तारण में भी तेजी आएगी और संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के बिना किसी भी क्षेत्र में पारदर्शिता और दक्षता संभव नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार डेयरी सेक्टर को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में काम कर रही है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से डेयरी उद्योग को मजबूती मिलेगी और इससे जुड़े किसानों और उत्पादकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।