

स्थान : लक्सर
ब्यरो रिपोर्ट

खाद की कालाबाजारी को लेकर लक्सर में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के कार्यकर्ताओं ने देर रात बड़ा खुलासा करते हुए समिति का घेराव किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गोदाम से अवैध रूप से यूरिया खाद ले जा रही एक गाड़ी को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह खाद कालाबाजारी के जरिए बाहर भेजी जा रही थी।


कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही गाड़ी को रोककर कब्जे में लिया और उसे कोतवाली लक्सर पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गाड़ी में भारी मात्रा में यूरिया खाद भरी हुई थी।


प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस खाद को अवैध तरीके से सहारनपुर भेजने की तैयारी की जा रही थी। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से खाद की कमी बनी हुई है, जबकि कुछ लोग इसकी कालाबाजारी कर रहे हैं।
किसान यूनियन भानू के पदाधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।


पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में आक्रोश है और वे प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

