चारधाम यात्रा: ऋषिकेश में पुलिस समन्वय बैठक, जाम से निपटने को A-B-C प्लान तैयार

चारधाम यात्रा: ऋषिकेश में पुलिस समन्वय बैठक, जाम से निपटने को A-B-C प्लान तैयार

ब्यरो रिपोर्ट
लोकेशन – ऋषिकेश

18 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आईजी लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा ने ऋषिकेश में मुनीकीरेती और लक्ष्मण झूला पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए अहम बैठक की।

यह बैठक चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय, ऋषिकेश में आयोजित की गई, जिसमें टिहरी जनपद की एसएसपी श्वेता चौबे, एसपी देहात जया बलूनी सहित तीनों जिलों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष फोकस रखा जाए। उन्होंने कहा कि मुनीकीरेती, ऋषिकेश और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में आपसी समन्वय के साथ यातायात को सुचारु रूप से संचालित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अलावा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील और जाम प्रभावित स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही गई।

बैठक के बाद आईजी ने ट्रांजिट कैंप परिसर और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान खराब पाए गए कैमरों को जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

आईजी मीणा ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए प्लान A, B और C पहले से तैयार किए गए हैं, जिन्हें आवश्यकता अनुसार लागू किया जाएगा।

प्रशासन का दावा है कि इस बार बेहतर समन्वय और पुख्ता इंतजामों के जरिए चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा।