

आईपीएल 2026 में Chennai Super Kings को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज Khaleel Ahmed दाईं जांघ की गंभीर चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। यह चोट टीम के लिए शुरुआती चरण में बड़ा नुकसान मानी जा रही है।


खलील अहमद सीएसके के लिए इस सीजन में खेले गए सभी पांच मैचों का हिस्सा रहे थे। 14 अप्रैल को Kolkata Knight Riders के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें दाहिने कूल्हे में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद जांच में गंभीर चोट की पुष्टि हुई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, खलील को ग्रेड-2 की चोट लगी है, जिसे ठीक होने में करीब 10 से 12 सप्ताह का समय लगेगा। ऐसे में उनका पूरे आईपीएल 2026 से बाहर होना तय माना जा रहा है।


हालांकि इस सीजन में खलील अहमद ने सिर्फ दो विकेट लिए, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 8.67 रहा, जो टीम के गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर था। खासकर केकेआर के खिलाफ उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा और वह अपनी लय में लौटते नजर आ रहे थे।

वहीं दूसरी ओर, सीएसके के पूर्व कप्तान MS Dhoni की वापसी को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, धोनी 23 अप्रैल को Mumbai Indians के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर वापसी कर सकते हैं। वह पिंडली की चोट से उबरकर फिटनेस हासिल करने के करीब हैं।

खलील अहमद के रिप्लेसमेंट को लेकर टीम के पास दो विकल्प मौजूद हैं। इनमें महाराष्ट्र के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी और ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष शामिल हैं। टीम मैनेजमेंट जल्द ही इन पर अंतिम फैसला ले सकता है।


रामकृष्ण घोष को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। घरेलू सीजन 2025-26 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। Vijay Hazare Trophy में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 42 रन देकर 7 विकेट लेकर उन्होंने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया, वहीं मुंबई के खिलाफ 27 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता भी दिखाई।


