

स्थान : हल्द्वानी-काठगोदाम
ब्यरो रिपोर्ट

नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत कालाढूंगी चौराहा, हल्द्वानी में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया।


सफाई अभियान के दौरान क्षेत्र में नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की गई। नगर निगम की टीम ने पूरे इलाके में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अभियान में वार्ड 19 के पार्षद राजेंद्र अग्रवाल और वार्ड 18 के पार्षद हरगोविंद सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान को सफल बनाया।


स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने नगर निगम के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया।
इस मौके पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बरसात से पहले हर वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि नालियों में किसी प्रकार का अवरोध न रहे और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।


उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जब तक जनसहभागिता नहीं बढ़ेगी, तब तक स्थायी स्वच्छता संभव नहीं हो पाएगी।


महापौर ने यह भी बताया कि नगर निगम आधुनिक संसाधनों और बेहतर प्रबंधन के जरिए सफाई व्यवस्था को मजबूत कर रहा है। आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे ही अभियान चलाकर हल्द्वानी को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

