नरेंद्रनगर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का धरना, गोल्डन कार्ड बहाली की मांग

नरेंद्रनगर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का धरना, गोल्डन कार्ड बहाली की मांग

लोकेशन :- नरेंद्रनगर
ब्यरो रिपोर्ट

नरेंद्रनगर में सेवानिवृत्त राजकीय कर्मचारी संगठन शाखा द्वारा अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर कोषागार परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी धरने में शामिल हुए और अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिना उनकी सहमति के गोल्डन कार्ड योजना से बाहर कर दिया गया है, उन्हें तत्काल योजना में पुनः शामिल किया जाए। इसके साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की भी मांग की गई।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गोल्डन कार्ड योजना के अंतर्गत जुड़े होने के बावजूद कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने के दौरान संगठन के अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, सचिव रघुवीर सिंह भंडारी और हर्ष मणी भट्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि उम्रदराज बुजुर्गों को बार-बार कोषागार और राज्य प्राधिकरण कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जो उनके लिए बेहद कष्टदायक है।

उन्होंने सरकार से अपील की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दिए गए लाभों से वंचित न किया जाए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

संगठन की ओर से अपनी दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कोषाधिकारी तन्वी भट्ट को सौंपा गया। इस दौरान अधिकारियों और संगठन के बीच वार्ता भी हुई, जिसमें समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की गई।

कोषाधिकारी तन्वी भट्ट ने संगठन की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वह अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करेंगी और संबंधित मामलों को शीघ्र निस्तारण के लिए उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा।