पेट्रोल संकट की अफवाहों पर विराम, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य: जिला पूर्ति अधिकारी

पेट्रोल संकट की अफवाहों पर विराम, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य: जिला पूर्ति अधिकारी

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद में पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने स्पष्ट स्थिति रख दी है। जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने बताया कि जिले में पेट्रोल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

उन्होंने जानकारी दी कि दो पेट्रोल पम्पों पर मेंटेनेंस कार्य के चलते अस्थायी रूप से पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। हालांकि यह एक तकनीकी कारण था, जिसे शीघ्र ही ठीक किया जा रहा है।

करुणा पंत के अनुसार, प्रभावित पेट्रोल पम्पों पर आपूर्ति शाम तक या अधिकतम कल सुबह तक पूरी तरह सुचारू कर दी जाएगी। इसके बाद सभी पम्पों पर पूर्व की तरह नियमित रूप से पेट्रोल उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के अन्य सभी पेट्रोल पम्पों पर किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है और वहां लगातार पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल का भंडारण न करें।

उन्होंने कहा कि लोग केवल अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं, जिससे पैनिक की स्थिति से बचा जा सके और सभी को समान रूप से सुविधा मिलती रहे।