

स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

जसपुर क्षेत्र में एक नाबालिग को शराब पीने से मना करना भारी पड़ गया। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी युवक ने नाबालिग पर पेपर कटिंग ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना 6 अप्रैल की रात सुभाष चौक के पास एक कन्फेक्शनरी दुकान की है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक वहां शराब पी रहा था, जिसका दुकानदार के नाबालिग भतीजे ने विरोध किया। इसी बात पर आरोपी अचानक भड़क गया और उसने नाबालिग पर ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।


हमले में पीड़ित के पेट, कमर और जांघ पर गहरे घाव आए। उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि इलाज के दौरान शरीर पर 56 टांके लगाने पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली जसपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी गौरव कुमार (निवासी हमिरावाला, जसपुर) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेपर कटिंग ब्लेड भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


