काशीपुर में प्राचीन कुओं के जीर्णोद्धार की तैयारी, नगर निगम करेगा पुनर्जीवित

काशीपुर में प्राचीन कुओं के जीर्णोद्धार की तैयारी, नगर निगम करेगा पुनर्जीवित

स्थान : काशीपुर
ब्यरो रिपोर्ट

शहर में लुप्त होने के कगार पर पहुंच चुके प्राचीन कुओं को फिर से जीवित करने की दिशा में नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। नगर निगम अब ऐसे सभी मृत कुओं की सफाई और जीर्णोद्धार कर उन्हें दोबारा जनता को सौंपने की तैयारी में है।

इसी क्रम में वार्ड नंबर 31 स्थित एक प्राचीन कुएं के पुनर्जीवन को लेकर स्थानीय लोगों ने मेयर दीपक बाली को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने मांग की कि इस ऐतिहासिक कुएं को फिर से चालू किया जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुआं सदियों से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल रहा है, जहां सभी धर्मों के लोग एक साथ पानी का उपयोग करते थे। ऐसे में इस कुएं का पुनर्जीवन सामाजिक सौहार्द और परंपरा को भी मजबूत करेगा।

मेयर दीपक बाली ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम जल्द ही इस कुएं के साथ-साथ शहर के अन्य मृत हो चुके कुओं का भी जीर्णोद्धार करेगा। उन्होंने बताया कि सफाई, मरम्मत और संरक्षण के बाद इन्हें आम जनता के उपयोग के लिए फिर से उपलब्ध कराया जाएगा।

नगर निगम की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि इससे जल संरक्षण के साथ-साथ शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को भी नई पहचान मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि पुराने जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना जल संकट से निपटने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।