

स्थान : श्रीनगर गढ़वाल
ब्यरो रिपोर्ट

श्रीयंत्र टापू के समीप अलकनंदा नदी में एक डंपर फंसने से हड़कंप मच गया। डंपर में सवार दो युवक नदी के बीच फंस गए थे, जिससे उनकी जान पर खतरा मंडराने लगा।


बताया जा रहा है कि डंपर खनन सामग्री लेने के लिए नदी में उतरा था। इसी दौरान अचानक जीवीके जल विद्युत परियोजना की ओर से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और डंपर बीच धारा में फंस गया।


घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तेज बहाव के बीच फंसे युवकों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया।


रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने सुरक्षित तरीके से दोनों युवकों को डंपर से बाहर निकाला और किनारे तक पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों ने बताया कि समय रहते सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया। दोनों युवकों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

प्रशासन ने नदी में खनन कार्य करने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के ऐसे कार्य न करें। साथ ही जल विद्युत परियोजनाओं से पानी छोड़े जाने की स्थिति में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि नदी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

