ऋषिकेश में गैस रिफिलिंग का खेल उजागर, सप्लाई वाहन में खुलेआम हो रही थी रिफिलिंग

ऋषिकेश में गैस रिफिलिंग का खेल उजागर, सप्लाई वाहन में खुलेआम हो रही थी रिफिलिंग

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

तीर्थ नगरी में गैस की किल्लत के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सप्लाई वाहन के अंदर ही अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही थी। मामला बनखंडी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इंडियन गैस लिखे वाहन के अंदर एक कर्मचारी “बांसुरी” के जरिए गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा काम खुलेआम और बेखौफ तरीके से किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि एक जागरूक नागरिक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। जब कर्मचारी को वीडियो बनाए जाने का आभास हुआ तो उसने तुरंत रिफिलिंग बंद कर दी और उपकरण छिपाने की कोशिश की। हालांकि, उसे यह अंदाजा नहीं था कि पास के एक मकान की छत से भी उसकी हरकतें रिकॉर्ड की जा रही हैं।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और कर्मचारी की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह की अवैध रिफिलिंग के चलते घरेलू गैस सिलेंडरों में वजन की कमी हो सकती है, जिससे उपभोक्ताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने जिला पूर्ति अधिकारी और क्षेत्रीय अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले की जांच की बात कही जा रही है।