अल्मोड़ा में जनगणना-2027 की तैयारियों का शुभारंभ, स्व-गणना प्रक्रिया शुरू

अल्मोड़ा में जनगणना-2027 की तैयारियों का शुभारंभ, स्व-गणना प्रक्रिया शुरू

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यरो रिपोर्ट

भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के तहत जनपद अल्मोड़ा में तैयारियों का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा और जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण कर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।

इस पहल के जरिए उन्होंने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्तराखंड में जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।

प्रशासन द्वारा नागरिकों को पहले से ही अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा दी गई है। इस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लोग अपने परिवार और आवास से जुड़ी मूलभूत जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिसका उपयोग बाद में प्रगणकों द्वारा सत्यापन के दौरान किया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने जनपद के नागरिकों, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना कर इस अभियान को सफल बनाएं और आगामी चरण में घर-घर आने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें।

प्रशासन ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनेगी।