

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

तपोवन क्षेत्र में एक विदेशी महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला ने होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


थाना मुनि की रेती प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार, घटना 9 अप्रैल तड़के सुबह करीब 3:30 बजे की है। रोमानिया निवासी टोडोस डेनिस क्रिस्टीना (30) टूरिस्ट वीजा पर ऋषिकेश घूमने आई थी और 6 अप्रैल से तपोवन स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला घटना से पहले असामान्य व्यवहार कर रही थी। उसे चिकित्सकीय जांच के बाद ड्रिप भी लगाई गई थी। इसके बावजूद वह अचानक अपने होटल से करीब 100 मीटर दूर स्थित दूसरे होटल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई और वहां से छलांग लगा दी। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद है, जिसमें महिला को तीसरी मंजिल पर जाते हुए देखा गया है।


पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकती थी। फिलहाल शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है और मामले की जांच जारी है।
घटना की सूचना संबंधित दूतावास को दे दी गई है। दूतावास से आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


