हरिद्वार दौरे पर कुमारी शैलजा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश, भाजपा पर साधा निशाना

हरिद्वार दौरे पर कुमारी शैलजा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश, भाजपा पर साधा निशाना

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान शनिवार को हरिद्वार पहुंचीं। यहां उन्होंने जयराम आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और तैयारियों का जायजा लिया।

पत्रकारों से बातचीत में शैलजा ने कहा कि वह लगातार स्थानीय कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर रही हैं। उन्हें प्रदेश भर से सकारात्मक फीडबैक मिल रहा है और पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने बताया कि आगे भी उनके कई दौरे प्रस्तावित हैं।

कुमारी शैलजा ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी बदलाव की इच्छा साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उत्साहित हैं और जनता भी कांग्रेस की सरकार बनाने की बात कर रही है। उनके मुताबिक प्रदेश में बढ़ता भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी, पलायन और महिलाओं पर अत्याचार जैसे मुद्दों से लोग परेशान हैं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए शैलजा ने कहा कि देश की राजनीति और संस्कृति में इस तरह की भाषा पहले नहीं देखी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता समाज में विभाजनकारी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसका जवाब जनता वोट के माध्यम से देगी।

कांग्रेस में गुटबाजी और वरिष्ठ नेता हरीश रावत के अवकाश पर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इसे संगठन के भीतर ही सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नेता मिलकर पार्टी को और मजबूत करेंगे।

कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है और भविष्य में जनता के सहयोग से पार्टी को और सशक्त बनाया जाएगा।