

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है, जिसे लेकर परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। एआरटीओ जितेंद्र चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रीन कार्ड व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय की जा रही है।


उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए ग्रीन कार्ड बनाने हेतु कई केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें नारसन बॉर्डर, हरिद्वार, ऋषिकेश, हरबर्टपुर और आशारोड़ी शामिल हैं। नारसन बॉर्डर केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेगा, जहां बाहर से आने वाले वाहनों का ग्रीन कार्ड बनाया जाएगा और उनकी फिटनेस जांच की जाएगी।


एआरटीओ ने बताया कि यात्रा के दौरान वाहनों के टायर, सुरक्षा मानकों और डस्टबिन जैसी आवश्यक सुविधाओं की भी जांच की जाएगी, ताकि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।


वहीं परिवहन विभाग के अधिकारी कृष्ण चंद्र ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि नारसन चेक पोस्ट पर 16 अप्रैल से ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि चेक पोस्ट पर यात्रियों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था भी की गई है, ताकि ग्रीन कार्ड बनने तक यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।


