विकासनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 181 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

विकासनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 181 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

स्थान : विकासनगर (देहरादून)
ब्यरो रिपोर्ट

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 181 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई 9 अप्रैल की शाम करीब 7:45 बजे उस समय की गई जब कोतवाली विकासनगर पुलिस झूलापुल से तिकोना पार्क जाने वाले मार्ग पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से अवैध चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ (26 वर्ष), पुत्र इमरान, निवासी विशाल कॉलोनी डाकपत्थर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चरस खरीदकर उसका कुछ हिस्सा बेचता था तथा कुछ स्वयं उपयोग करता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक संदीप पंवार सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।