

स्थान : रीठा साहिब (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

जिले के रीठा साहिब क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रीठा साहिब पार्किंग से परेवा की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन खड़ी चढ़ाई में अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।


स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें चौड़ा मेहता अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को लगभग 70 किलोमीटर दूर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका विस्तृत उपचार किया।


चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के अनुसार हादसे में तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोट लगी है। वाहन चालक सुरेंद्र सिंह (28) के सिर पर गंभीर चोट लगी है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।


घायलों की पहचान अर्जुन सिंह (60), राहुल (25), मोहन सिंह (45) और चालक सुरेंद्र सिंह (28) के रूप में हुई है। अर्जुन सिंह को हल्की चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी अर्जुन सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन खड़ी चढ़ाई पर अचानक रुक गया और फिर पीछे की ओर लुढ़कते हुए खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे भी लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की त्वरित सेवा और बेहतर इलाज की सराहना की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर राहत कार्य न होता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में एक ऑटो के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिससे इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

