नारसन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना चौथे दिन भी जारी, मांगों पर अड़ीं

नारसन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना चौथे दिन भी जारी, मांगों पर अड़ीं

स्थान : मंगलौर
ब्यरो रिपोर्ट

नारसन विकास खंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना चौथे दिन भी लगातार जारी रहा। मानदेय बढ़ोतरी, समान कार्य के लिए समान वेतन और राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने सहित कई मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुरू हुए इस आंदोलन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रों में तालाबंदी करने और कार्य पूरी तरह ठप करने की बात भी कही है।

धरना स्थल पर लगातार नारेबाजी हो रही है और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रही हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से मानदेय बहुत कम है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की अध्यक्ष अंजू देवी ने कहा कि सरकार की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।

धरने के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन भी मिल रहा है। आज बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समर्थन दिया, जिससे आंदोलन और अधिक व्यापक होता दिखाई दे रहा है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।