रामनगर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई: गैस सिलेंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़

रामनगर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई: गैस सिलेंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के क्रम में रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

09 अप्रैल 2026 को एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खराड़ी क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की। यहां घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी का धंधा चल रहा था, जिसका पुलिस ने भंडाफोड़ किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, एलपीजी रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बांट और लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद किया। यह पूरा नेटवर्क अवैध रूप से गैस भरकर सप्लाई करने में लगा हुआ था, जो आमजन की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) और शहजाद उर्फ शैजी (23 वर्ष), निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रामनगर थाने में FIR संख्या 101/26 दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने और एलपीजी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी तरह का अवैध भंडारण या रिफिलिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना मिले, तो तुरंत 112 नंबर या नजदीकी थाने में जानकारी दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।