चारधाम यात्रा: हाईटेक निगरानी के साथ परिवहन विभाग तैयार

चारधाम यात्रा: हाईटेक निगरानी के साथ परिवहन विभाग तैयार

स्थान : मंगलौर
ब्यरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 19 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा से पहले ही विभाग ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं लागू करनी शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

परिवहन विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से यात्रा के प्रमुख मार्गों पर हाईटेक चेक पोस्ट सक्रिय कर दिए जाएंगे। इन चेक पोस्टों पर ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और वाहनों की सघन जांच की जाएगी, जिससे यात्रा मार्ग पर जाम की स्थिति को रोका जा सके और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नारसन बॉर्डर पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। इन कैमरों के जरिए गुजरने वाले हर वाहन की नंबर प्लेट की निगरानी सीधे परिवहन मुख्यालय स्तर पर की जाएगी, जिससे ट्रैकिंग और सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सके।

इसके साथ ही नारसन बॉर्डर को वाई-फाई सुविधा से भी लैस किया गया है, जिससे डिजिटल मॉनिटरिंग और डेटा ट्रांसफर में तेजी आएगी। यह व्यवस्था यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

परिवहन विभाग ने अपनी प्रवर्तन टीमों को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। ये टीमें विभिन्न मार्गों पर लगातार निगरानी रखेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी।

सरकार का उद्देश्य है कि इस बार चारधाम यात्रा को पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।