रामनगर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: स्कूल-बुक माफिया पर शिकंजा, दुकानों और स्कूल पर छापा

रामनगर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: स्कूल-बुक माफिया पर शिकंजा, दुकानों और स्कूल पर छापा

स्थान : रामनगर
ब्यरो रिपोर्ट

रामनगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशनरी और बुक सेलर्स की दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान पीरुमदारा स्थित हिम्मतपुर ब्लॉक के एक निजी स्कूल में भी जांच की गई। कार्रवाई से मनमानी करने वाले दुकानदारों और स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में एसडीएम और खंड शिक्षा अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। टीम ने रामनगर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 10 स्टेशनरी और बुक सेलर्स की दुकानों की जांच की, जहां कई अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को विशेष दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए पर्चियां दी जा रही थीं। मौके पर मौजूद अभिभावकों ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन पर तय दुकानों से ही किताबें खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है।

टीम ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधि पूरी तरह गैरकानूनी है। कोई भी स्कूल संचालक अभिभावकों या छात्रों को किसी विशेष दुकान से किताबें खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकता।

इसके अलावा, पीरुमदारा स्थित ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल में भी शिकायत के आधार पर जांच की गई। यहां आरोप था कि एनसीईआरटी की किताबें बाहर से खरीदने को कहा जा रहा है, जबकि प्राइवेट किताबें स्कूल द्वारा ही बेची जा रही हैं, जो नियमों के खिलाफ है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई स्कूल निर्धारित फीस से अधिक वसूली करता है या एडमिशन फीस के नाम पर दोबारा शुल्क लेता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की शिकायत सीधे प्रशासन को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल और जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।