

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश के पशुलोक बैराज में सी-प्लेन सेवा को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्काई हॉप एविएशन के 19 सीटर सी-प्लेन का दूसरा लैंडिंग और टेकऑफ ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस सफलता के बाद अब परियोजना को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।


जानकारी के अनुसार, इससे पहले सोमवार को पर्यटन विभाग और यूजीवीएनएल की पहल पर पहला ट्रायल किया गया था, जबकि मंगलवार को खराब मौसम के कारण परीक्षण टालना पड़ा था। कंपनी पिछले चार महीनों से इस प्रोजेक्ट को लेकर लगातार सर्वे और तकनीकी आकलन कर रही है।


प्रोजेक्ट हेड मनीषा ने बताया कि सफल ट्रायल के बाद अब अगला चरण क्रू मेंबर्स के प्रशिक्षण का होगा। उन्होंने कहा कि अभी कई चरणों में परीक्षण बाकी हैं, जिनके पूरा होने के बाद ही नियमित सेवा शुरू की जा सकेगी।

इसी कड़ी में टिहरी झील में भी 1-2 दिनों के भीतर सी-प्लेन का ट्रायल प्रस्तावित है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं, जिससे टिहरी में भी इस सेवा की शुरुआत की संभावना मजबूत हो गई है।
गौरतलब है कि टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने के प्रयास वर्ष 2018 से जारी हैं। वर्ष 2019 में झील को इस सेवा के लिए अनुकूल भी पाया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते इसे शुरू नहीं किया जा सका।

देश में पहली सी-प्लेन सेवा की शुरुआत नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2020 को केवड़िया और साबरमती के बीच की गई थी। अब उत्तराखंड में सफल ट्रायल के बाद पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


