

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश में चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत बसों के रोटेशन को लेकर अहम प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मंगलवार को ऋषिकेश आईएसबीटी स्थित एक होटल में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बसों की रोटेशन लॉटरी निकाली गई, जिसमें कुल 2200 बसों में से 1875 बसों का क्रम तय किया गया।


लॉटरी प्रक्रिया की शुरुआत भास्करानंद भारद्वाज द्वारा पहली पर्ची निकालकर की गई। पहली पर्ची गढ़वाल मंडल बहुद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड (जीएमसीसी) पौड़ी के नाम निकली, जिससे उसे रोटेशन में पहला स्थान मिला।


दूसरा नंबर गढ़वाल मोटर ऑनर्स एसोसिएशन (जीएमओयू) को मिला, जबकि तीसरे स्थान पर टिहरी गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन (टीजीएमओयू) की बस रही। इस क्रम के अनुसार ही सभी बसों का संचालन चारधाम यात्रा के दौरान किया जाएगा।


चारधाम यात्रा संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। लॉटरी के दौरान विभिन्न परिवहन कंपनियों के पदाधिकारी और बस ऑपरेटर भी मौजूद रहे।

समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज ने बताया कि रोटेशन व्यवस्था से बस संचालन में पारदर्शिता बनी रहती है और सभी ऑपरेटरों को समान अवसर मिलता है। इससे यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था भी बेहतर ढंग से संचालित की जा सकेगी।


