मसूरी में गैस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन, कालाबाजारी के आरोप

मसूरी में गैस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन, कालाबाजारी के आरोप

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

मसूरी में गैस सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी के आरोपों को लेकर आज व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले इंडेन गैस सर्विस के कार्यालय के बाहर धरना दिया गया और एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई।

माल रोड स्थित इंडेन गैस सर्विस के बाहर दर्जनों की संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं की जा रही है, जबकि चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी और पूरे मामले को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने आरोप लगाया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा संचालित इंडियन गैस सर्विस की मसूरी शाखा में मनमानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, स्कूलों और सरकारी संस्थानों के नाम पर गैस सिलेंडरों का वितरण अपने चहेते लोगों को किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को गैस नहीं मिल पा रही।

उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और यदि गैस की किल्लत बनी रही तो इसका सीधा असर पर्यटन और व्यापार पर पड़ेगा। व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग और गैस एजेंसी की होगी।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गैस एजेंसी सिलेंडरों का पारदर्शी विवरण दे, केवाईसी प्रक्रिया को सरल बनाए और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करे। चेतावनी दी गई कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो रोजाना धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।