चकराता में शिक्षक निलंबित: गैरहाजिरी का वीडियो वायरल

चकराता में शिक्षक निलंबित: गैरहाजिरी का वीडियो वायरल

स्थान : देहरादून / चकराता
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून जनपद के चकराता क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां राजकीय प्राथमिक विद्यालय डिरनाड़ में तैनात सहायक अध्यापक हरपाल सिंह को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर लगातार स्कूल से अनुपस्थित रहने के गंभीर आरोप लगे थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।

ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक अक्सर बिना सूचना के स्कूल से गायब रहते थे। इसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक की अनुपस्थिति का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। साथ ही ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत भी दर्ज कराई।

वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की गई। जांच में आरोप सही पाए गए और यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित शिक्षक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे, जो नियमों का उल्लंघन है।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि शिक्षक ने उपस्थिति पंजिका में पहले से ही एडवांस में हस्ताक्षर कर रखे थे। इस लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक हरपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उन्हें बीईओ कार्यालय चकराता से संबद्ध किया गया है, ताकि आगे की कार्रवाई सुचारू रूप से की जा सके।

विभाग ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को सौंप दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।