जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण: व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण: व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

स्थान : पौड़ी
ब्यरो रिपोर्ट

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों और विभागों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। साथ ही चिकित्सकों, कर्मचारियों, मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें अस्पताल की सेवाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

ओपीडी निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लैप्रोस्कोप, इको मशीन, पैथोलॉजी उपकरण और मल्टी-पैरा मॉनिटर जैसे जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अल्ट्रासाउंड और परीक्षण कक्ष की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण में उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली और उपस्थिति पंजिका का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, एंबुलेंस व्यवस्था सुधारने और इमरजेंसी वार्ड के विस्तार की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए।

वार्डों के निरीक्षण के दौरान तीमारदारों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। गद्देदार बेंच, लॉकरों की पेंटिंग, टाइल्स लगाने और अलग-अलग रंग की चादरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्हीलचेयर की नियमित सफाई बनाए रखने को भी कहा गया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने आयुष्मान योजना के तहत अधिक से अधिक मरीजों के कार्ड बनाने, हेल्प डेस्क स्थापित करने और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने काउंसलिंग सेवाओं को मजबूत करने, विभिन्न विभागों को आधुनिक बनाने और अस्पताल परिसर में सूचना तंत्र को दुरुस्त करने पर भी विशेष जोर दिया।