

स्थान : लालकुआं
ब्यरो रिपोर्ट

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के मोटाहल्दू अंतर्गत पाडलीपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कक्षा 10वीं की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। स्कूल से घर लौटते समय अचानक गायब हुई छात्रा के मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


जानकारी के अनुसार, महावीर औद्योगिक संस्थान के पास स्थित मंदिर के पुजारी की पुत्री, जो मोटाहल्दू के एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा है, रोज की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।


परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल लालकुआं कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।


पुलिस द्वारा पाडलीपुर गांव में राजेश अग्रवाल के खेतों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान खेत की झाड़ियों में छात्रा के सलवार-कमीज मिलने से मामला और गंभीर हो गया। कपड़ों के मिलने के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जताने लगे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी जगदीश चंद्रा, सीओ अमित कुमार सैनी समेत फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ट्रैक्टर की मदद से खेतों में गहन तलाशी अभियान चला रही है और हर संभावित सुराग को खंगालने में जुटी है।

एसपी सिटी जगदीश चंद्रा ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही छात्रा को बरामद कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, परिजन और ग्रामीण छात्रा की सकुशल वापसी के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।


