
स्थान – कालाढूंगी
ब्यरो रिपोर्ट

बैलपड़ाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम के विरोध में उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन क्षेत्र की अनदेखी और जनसमस्याओं के प्रति बढ़ते आक्रोश का प्रतीक बना, जिसके चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित के मुद्दों को लेकर किया गया है। उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लागू प्राधिकरण व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।

इसके साथ ही उन्होंने सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और व्यवस्थित करने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए सरकारी विद्यालयों की स्थिति मजबूत करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि इन सुधारों से आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा।


प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को लेकर रोष जताया।
नीरज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम जारी रखेगी।


